मुंबई: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय राउत ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिंदे गुट पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा का मेयर बनवाना चाहते हैं, लेकिन यह स्पष्ट नहीं कर पा रहे कि वह ऐसा कैसे करेंगे।
संजय राउत ने कहा कि बीजेपी के पास पूर्ण जनादेश नहीं है, इसके बावजूद सत्ता का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि शिंदे गुट के विजयी नगरसेवकों को मुंबई के ताज लैंड्स एंड होटल में ठहराया गया है, जहां उन्हें लगभग कैदियों की तरह रखा जा रहा है।
https://x.com/i/status/2013122199339843614
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “ताज लैंड्स एंड होटल अब होटल नहीं, बल्कि एक जेल बन चुका है। नगरसेवकों को बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। आखिर ये डर किस बात का है?”
राउत ने आगे सवाल उठाया कि जब केंद्र में बीजेपी की सरकार, और महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस जैसे मजबूत मुख्यमंत्री हैं, तो फिर नगरसेवकों को बंद करके रखने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि यह स्थिति साफ तौर पर दर्शाती है कि भाजपा और उसके सहयोगी अपने ही विधायकों और नगरसेवकों पर भरोसा नहीं कर पा रहे हैं।
संजय राउत के इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर भाजपा और शिंदे गुट की ओर से जवाब आने की संभावना है।

