मुंबई: हिंदी सिनेमा के दिग्गज पटकथा लेखक सलीम खान को मुंबई के लीलावती अस्पताल की गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें मंगलवार सुबह अस्पताल में एडमिट किया गया।हालांकि उनकी तबीयत को लेकर विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अस्पताल सूत्रों ने पुष्टि की है कि वह फिलहाल आईसीयू में चिकित्सकीय निगरानी में हैं।
सलमान खान अस्पताल के बाहर नजर आए
सलीम खान के बेटे और अभिनेता Salman Khan को अस्पताल के बाहर देखा गया। परिवार के अन्य सदस्यों के भी अस्पताल पहुंचने की खबर है। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग सलीम खान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
हिंदी सिनेमा को नई दिशा देने वाले लेखक
सलीम खान ने 1970 के दशक में जावेद अख्तर के साथ मिलकर हिंदी सिनेमा को कई यादगार फिल्में दीं। ‘सलीम-जावेद’ की जोड़ी ने जिन फिल्मों की पटकथा लिखी, वे आज भी भारतीय सिनेमा की क्लासिक मानी जाती हैं।उनकी प्रमुख फिल्मों में शोले, दीवार, जंजीर शामिल हैं।इन फिल्मों ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की, बल्कि कहानी और संवाद लेखन के स्तर को भी नई ऊंचाई दी।
हाल ही में मनाया था 90वां जन्मदिन
सलीम खान ने पिछले वर्ष नवंबर में अपना 90वां जन्मदिन मनाया था। फिल्म इंडस्ट्री में उनका योगदान अतुलनीय माना जाता है। उन्हें हिंदी सिनेमा में ‘एंग्री यंग मैन’ की छवि गढ़ने का श्रेय भी दिया जाता है।

