मौसमी सब्जियों को सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। ये सब्जियां न केवल मौसम के अनुसार आसानी से बाजार में उपलब्ध होती हैं, बल्कि किफायती भी होती हैं। इन्हीं सब्जियों में से एक है मूली, जो पोषक तत्वों से भरपूर होती है। सर्दियों के मौसम में अगर मूली को अपने दैनिक आहार में शामिल किया जाए, तो यह शरीर में बढ़े हुए खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने में मदद करती है और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी घटाती है। इसके अलावा, मूली खाने से पाचन तंत्र मजबूत रहता है और पेट से जुड़ी समस्याओं से राहत मिलती है। आइए जानते हैं मूली खाने के प्रमुख फायदे।
खराब कोलेस्ट्रॉल को करती है कम
मूली में भरपूर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो शरीर में मौजूद खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में सहायक होता है। फाइबर रक्त नलिकाओं में जमा अतिरिक्त कोलेस्ट्रॉल को बाहर निकालने में मदद करता है, जिससे दिल स्वस्थ रहता है। सर्दियों में आप कच्ची मूली का सलाद बनाकर रोजाना अपने आहार में शामिल कर सकते हैं।
दिल को रखती है स्वस्थ
मूली में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और पोटैशियम हृदय को सक्रिय और मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं। ये पोषक तत्व ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करते हैं और रक्त संचार को बेहतर बनाते हैं। नियमित रूप से मूली खाने से हृदय रोगों का खतरा कम होता है और दिल लंबे समय तक स्वस्थ बना रहता है।
पाचन तंत्र को बनाती है मजबूत
अगर आप रोजाना मूली का सेवन करते हैं, तो भोजन आसानी से पचता है और पेट साफ रहता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को बेहतर बनाता है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। सर्दियों में मूली खाने से शरीर में जमा हानिकारक बैक्टीरिया भी नष्ट होते हैं।
हालांकि, ध्यान रखें कि रात के समय मूली का सेवन न करें, क्योंकि इसकी तासीर ठंडी होती है। रात में मूली खाने से कुछ लोगों को गैस, अपच या अन्य समस्याएं हो सकती हैं।

