नासिक (महाराष्ट्र): केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने महाराष्ट्र के नासिक जिले में स्थित प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश के किसानों, आम जनता और राष्ट्र की प्रगति के लिए प्रार्थना की।
पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि किसानों की उपज बढ़े और उनकी आय भी बढ़े। सबका कल्याण हो, सबका मंगल हो, सब सुखी हों, सब निरोग रहें और भगवान त्र्यंबकेश्वर की कृपा सभी पर बनी रहे। हम प्रार्थना करते हैं कि देश और तेज गति से आगे बढ़े।”
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की भलाई और कृषि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार की प्राथमिकता आधुनिक तकनीक, प्रभावी नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों को सशक्त बनाना है।
त्र्यंबकेश्वर मंदिर में दर्शन के दौरान स्थानीय प्रशासन और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। गौरतलब है कि त्र्यंबकेश्वर मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और इसका धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व है।

