अहमदाबाद: भारत की ऐतिहासिक टी 20 वर्ल्ड कप जीत के बाद टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव, मुख्य कोच गौतम गंभीर और आईसीसी चेयरमैन जय शाह अहमदाबाद स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे और भगवान का आशीर्वाद लिया। ट्रॉफी जीतने के बाद मंदिर दर्शन की यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रही हैं।
रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार T20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही टीम इंडिया घरेलू मैदान पर T20 वर्ल्ड कप का खिताब बचाने वाली पहली टीम भी बन गई है।
भारत ने खड़ा किया रिकॉर्ड स्कोर
फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने इस निर्णय को पूरी तरह गलत साबित कर दिया। अभिषेक शर्मा ने शानदार वापसी करते हुए 21 गेंदों में 52 रन की तेज अर्धशतकीय पारी खेली, जिसमें छह चौके और तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने संजू सैमसन के साथ 98 रन की अहम साझेदारी की।
इसके बाद संजू सैमसन और ईशान किशन ने शतकीय साझेदारी करते हुए टीम का स्कोर तेजी से आगे बढ़ाया। ईशान किशन ने 25 गेंदों में 54 रन बनाए, जबकि संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें पांच चौके और आठ छक्के शामिल थे।
अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने सिर्फ आठ गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर टीम को 255/5 के विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया। यह T20 विश्व कप फाइनल के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
गेंदबाजों ने दिलाई शानदार जीत
256 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। अक्षर पटेल और जसप्रीत बुमराह की घातक गेंदबाजी के सामने कीवी बल्लेबाज टिक नहीं सके। एक समय न्यूजीलैंड के पांच विकेट मात्र 72 रन पर गिर गए थे।
जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लेकर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटके। न्यूजीलैंड की ओर से टिम सीफर्ट ने 26 गेंदों में 52 रन की तेज पारी खेली, जबकि कप्तान मिशेल सैंटनर ने 43 रन बनाए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके।
आखिरकार न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर ऑल आउट हो गई और भारत ने फाइनल मुकाबला 96 रनों से जीतकर T20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।

