मुंबई : हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर पटकथा लेखक सलीम खान को मंगलवार को मुंबई के बांद्रा स्थित लीलावती अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पिछले महीने 17 फरवरी को उन्हें ब्रेन हेमरेज (मस्तिष्काघात) होने के बाद अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, इलाज के बाद उनकी हालत में लगातार सुधार हुआ, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज करने का फैसला लिया। हालांकि औपचारिक डिस्चार्ज प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद वह कुछ समय तक अस्पताल परिसर में ही रहे।डॉक्टरों ने पहले बताया था कि सलीम खान को ब्रेन हेमरेज हुआ था और इलाज के दौरान एहतियात के तौर पर उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया गया, जिसके बाद उनकी स्थिति स्थिर हो गई।
अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान उनके परिवार के सदस्य लगातार उनके साथ रहे। बेटे सलमान खान और अरबाज खान, बेटियां अलविरा खान और अर्पिता खान, साथ ही दामाद अतुल अग्निहोत्री और आयुष शर्मा नियमित रूप से उनसे मिलने अस्पताल पहुंचते रहे।इसके अलावा उनके लंबे समय के सहयोगी और मशहूर गीतकार-पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने भी अस्पताल जाकर उनसे मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज सलीम खान के जल्द स्वस्थ होने की खबर से उनके प्रशंसकों और बॉलीवुड से जुड़े लोगों में राहत की भावना है।

