नई दिल्ली, केंद्र सरकार ने देश में बढ़ती ड्राइवरों की कमी को दूर करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने घोषणा की है कि अगले पांच वर्षों में 120 आकांक्षी जिलों और 500 सामाजिक, आर्थिक व शैक्षिक रूप से पिछड़े ब्लॉकों में आधुनिक ड्राइवर प्रशिक्षण स्कूल खोले जाएंगे। इस पहल से करीब 1 करोड़ युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
देश में ड्राइवरों की भारी कमी
गडकरी ने बताया कि भारत में वर्तमान में लगभग 22 लाख प्रशिक्षित ड्राइवरों की कमी है। इस समस्या को देखते हुए सरकार पहले ही 200 ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल शुरू कर चुकी है और अब इसे बड़े स्तर पर विस्तार दिया जाएगा।
सड़क सुरक्षा पर सरकार की चिंता
सड़क सुरक्षा को लेकर उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि भारत में हर साल 5 लाख से ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, जिनमें करीब 1.8 लाख लोगों की मौत हो जाती है। इनमें से लगभग 66% पीड़ित 18 से 44 वर्ष के युवा होते हैं, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को भी भारी नुकसान होता ह—लगभग जीडीपी का 3%।
दुर्घटनाओं के 5 मुख्य कारण
गडकरी ने सड़क हादसों के प्रमुख कारणों की पहचान करते हुए कहा:
- खराब सड़क डिजाइन और इंजीनियरिंग
- पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन
- वाहन इंजीनियरिंग की खामियां
- ट्रैफिक नियमों का पालन न करना
- मानवीय लापरवाही
उन्होंने बताया कि सरकार ने खतरनाक ब्लैक स्पॉट सुधारने के लिए 40,000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और भूस्खलन प्रभावित 350 स्थानों में से 280 को ठीक किया जा चुका है।
वाहन उद्योग को नंबर 1 बनाने का लक्ष्य
गडकरी ने कहा कि भारत का ऑटोमोबाइल उद्योग वर्तमान में 23 लाख करोड़ रुपये का है और दुनिया में तीसरे स्थान पर है। सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में इसे वैश्विक स्तर पर नंबर एक बनाना है।
हेलमेट और सीट बेल्ट से बच सकती हैं हजारों जानें
उन्होंने कहा कि:
- हेलमेट पहनने से हर साल 50,000 लोगों की जान बच सकती है
- सीट बेल्ट लगाने से 30,000 लोगों की जान बचाई जा सकती है
आमिर खान का सड़क सुरक्षा पर संदेश
कार्यक्रम में अभिनेता आमिर खान ने भी सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि केवल कानून बनाना काफी नहीं है, बल्कि लोगों को खुद जिम्मेदारी लेनी होगी। उन्होंने कहा कि, «“हेलमेट पुलिस के डर से नहीं, अपनी सुरक्षा के लिए पहनना चाहिए।”»
उन्होंने स्कूल बसों में बच्चों के लिए सीट बेल्ट अनिवार्य करने का सुझाव भी दिया।

