जम्मू में बुधवार रात एक शादी समारोह के दौरान अचानक हुई गोलीबारी से हड़कंप मच गया। इस घटना में नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला तथा जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी बाल-बाल बच गए। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
समारोह से निकलते समय हुई घटना
अधिकारियों के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब फारूक अब्दुल्ला, उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी जम्मू के बाहरी इलाके ग्रेटर कैलाश स्थित एक विवाह समारोह से निकल रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति अचानक पिस्तौल लेकर उनके करीब पहुंच गया और गोली चला दी।
आरोपी की पहचान, मौके पर दबोचा गया
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान कमल सिंह जामवाल के रूप में हुई है, जो जम्मू के पुरानी मंडी क्षेत्र का रहने वाला है। सुरक्षा शाखा के दो पुलिस अधिकारियों—एक निरीक्षक और एक उप निरीक्षक—ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे काबू में कर लिया।
अधिकारियों के मुताबिक आरोपी की उम्र 70 वर्ष से अधिक बताई जा रही है और घटना के समय वह कथित तौर पर नशे की हालत में था। सुरक्षा कर्मियों ने उसका हथियार छीन लिया, जिसके बाद उसे जमीन पर गिराकर गिरफ्तार कर लिया गया।
किसी के घायल होने की खबर नहीं
पुलिस के अनुसार हमलावर केवल एक ही गोली चला पाया और इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रारंभिक जांच में इस घटना का कोई आतंकी एंगल सामने नहीं आया है।
उमर अब्दुल्ला ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि उनके पिता बाल-बाल बच गए। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि एक व्यक्ति भरी हुई पिस्तौल के साथ इतनी नजदीक तक पहुंच गया, यह अपने आप में कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि अंदरूनी सुरक्षा घेरे के कर्मियों ने हमले की कोशिश को नाकाम कर दिया, लेकिन यह गंभीर सवाल है कि ज़ेड प्लस सुरक्षा और एनएसजी सुरक्षा प्राप्त नेता के इतने करीब कोई हथियार लेकर कैसे पहुंच गया।
उपमुख्यमंत्री ने बताया सुरक्षा में बड़ी चूक
उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने भी इस घटना को सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही बताया। उन्होंने कहा कि जब पूर्व मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और मुख्यमंत्री के सलाहकार एक ही कार्यक्रम में मौजूद हों और कोई व्यक्ति हथियार के साथ अंदर पहुंच जाए, तो यह सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
शादी में शामिल होने पहुंचे थे नेता
जानकारी के मुताबिक फारूक अब्दुल्ला और सुरिंदर चौधरी पार्टी नेता बी.एस. चौहान के बेटे की शादी में शामिल होने पहुंचे थे। दोनों नेता कार्यक्रम स्थल पर लगभग एक घंटे तक मौजूद रहे थे।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा में हुई चूक की भी जांच की जा रही है।

