मुंबई : महाराष्ट्र की राजनीति में भावुक पल देखने को मिला जब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने दिवंगत एनसीपी नेता अजित पवार को याद करते हुए कहा कि राज्य एक सक्षम और दूरदर्शी मुख्यमंत्री पाने से चूक गया।
विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन श्रद्धांजलि देते हुए फडणवीस ने कहा कि अजित पवार में राज्य का नेतृत्व करने की पूरी क्षमता थी और अगर परिस्थितियां अलग होतीं, तो महाराष्ट्र को उनके रूप में एक मजबूत मुख्यमंत्री मिल सकता था।उन्होंने कहा कि अजित पवार की असामयिक मृत्यु ने राज्य की राजनीति में ऐसा खालीपन पैदा कर दिया है, जिसे भर पाना बेहद मुश्किल है। पवार रिकॉर्ड छह बार उपमुख्यमंत्री रह चुके थे और प्रशासनिक फैसलों में उनकी पकड़ बेहद मजबूत मानी जाती थी।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी पवार को याद करते हुए उन्हें बड़े भाई जैसा बताया और कहा कि वह, फडणवीस और पवार एक ‘समबाहु त्रिकोण’ की तरह काम करते थे।वहीं, उद्धव ठाकरे ने विधान परिषद में कहा कि शुरुआती राजनीतिक मतभेदों के बावजूद अजित पवार बाद में उनके बेहद करीबी मित्र बन गए थे। गौरतलब है कि अजित पवार का पिछले महीने बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था, जिससे महाराष्ट्र की राजनीति को बड़ा झटका लगा है।

