नई दिल्ली: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे संसद सत्र के दौरान दिल्ली पहुंचे और उन्होंने महाराष्ट्र के सांसदों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केंद्र सरकार के कई मंत्रियों से भी मुलाकात की।
दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए एकनाथ शिंदे ने कहा कि संसद सत्र चल रहा है, इसलिए वे महाराष्ट्र के सांसदों से मिलने आए हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। साथ ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और वहां मौजूद कई केंद्रीय मंत्रियों से भी उन्होंने चर्चा की।
महाराष्ट्र विधानसभा में पारित हुए ‘एंटी-कन्वर्ज़न बिल’ (धर्मांतरण विरोधी विधेयक) पर बोलते हुए शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र की अपनी अलग पहचान और संस्कृति है। उन्होंने कहा कि उनकी महायुति सरकार राज्य के लोगों के हित में फैसले लेने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपमुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के हर फैसले पर विपक्ष आरोप लगाता है और उसका विरोध करता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि उनकी सरकार विपक्ष के आरोपों का जवाब अपने काम और फैसलों के जरिए देती है।शिंदे ने यह भी दोहराया कि राज्य सरकार का हर कदम महाराष्ट्र के विकास और जनता के हित को ध्यान में रखकर उठाया जाता है।

