झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में होली के दौरान 500 से अधिक रसोई गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और चोरी किए गए सभी गैस सिलेंडर बरामद कर लिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बी. बी. जीटीएस मूर्ति के अनुसार, सीपरी बाजार क्षेत्र स्थित भारत पेट्रोलियम डिपो से जुड़े एक ट्रक चालक राजकुमार ने होली के दिन 524 भरे हुए भारत गैस सिलेंडरों से लदा ट्रक डिपो के बाहर खड़ा कर दिया था। इसके बाद वह त्योहार मनाने के लिए अपने घर चला गया।
अगले दिन जब चालक वापस लौटा तो ट्रक वहां से गायब था। इसके बाद ट्रक मालिक नीरज अग्रवाल ने पुलिस में ट्रक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस जांच के दौरान अगले ही दिन बड़ागांव थाना क्षेत्र में एक ढाबे के पास चोरी हुआ ट्रक बरामद हो गया, लेकिन ट्रक के अंदर से सभी गैस सिलेंडर गायब थे। आरोपियों ने ट्रक में लगा जीपीएस उपकरण भी तोड़कर फेंक दिया था ताकि पुलिस उन्हें ट्रैक न कर सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और गायब सिलेंडरों की तलाश शुरू की। बुधवार तड़के करीब तीन बजे पुलिस को ग्वालियर रोड स्थित एक गैस गोदाम के पास संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। इस दौरान हुई मुठभेड़ के बाद प्रेमनगर निवासी जावेद, सुमित और ऋतिक तथा समथर निवासी आमिर को गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी निशानदेही पर समथर के ही शुभंकर, अभिषेक और सुरेंद्र को भी पकड़ा गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि जावेद और ऋतिक पहले गैस प्लांट में ट्रक चालक के रूप में काम कर चुके हैं। दोनों ने मिलकर गैस सिलेंडर चोरी कर पैसे कमाने की योजना बनाई थी। इसके लिए उन्होंने समथर स्थित शिव गैस एजेंसी से संपर्क किया और करीब 13 लाख रुपये में गैस सिलेंडर बेचने का सौदा तय किया था।
पुलिस ने बुधवार तड़के शिव गैस एजेंसी पर छापा मारकर चोरी किए गए सभी 524 गैस सिलेंडर बरामद कर लिए। इनमें 389 भरे हुए और 135 खाली सिलेंडर शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 लाख 10 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पूछताछ में यह भी पता चला कि कुछ सिलेंडर बेचकर मिले 83,820 रुपये भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान आरोपियों और ट्रक मालिक के बीच 60 से 70 हजार रुपये के लेन-देन से जुड़ा विवाद भी सामने आया है, जिसकी भी जांच की जा रही है।
फिलहाल सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेज दिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी

