नई दिल्ली, बॉलीवुड अभिनेता रणदीप हुड्डा और उनकी पत्नी लिन लैशराम ने अपनी बेटी के नाम का खुलासा कर दिया है। कपल ने अपनी नन्ही परी का नाम न्योमिका हुड्डा (Nyomica Hooda) रखा है। इस खास मौके पर दोनों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बेटी को अपनी दुनिया का नया केंद्र बताया है।
रणदीप हुड्डा ने सोशल मीडिया पर अपनी बेटी की पहली झलक भी फैंस के साथ साझा की। तस्वीर में लिन लैशराम अपनी बेटी को गोद में लिए नजर आ रही हैं। पोस्ट में एक ऑडियो क्लिप भी जोड़ी गई है, जिसमें बच्ची के नाम का सही उच्चारण बताया गया है।
रणदीप हुड्डा ने बताया बेटी के नाम का अर्थ
रणदीप हुड्डा ने पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, "हमारी दुनिया का नया केंद्र – न्योमिका हुड्डा। इसका अर्थ है दिव्य कृपा, स्वतंत्रता और आसमान की तरह असीम।"
इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस और सेलेब्स ने कपल को जमकर बधाइयां दीं।
10 मार्च 2026 को हुआ बेटी का जन्म
बता दें कि रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम ने 10 मार्च 2026 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया था। कपल ने इस खुशखबरी को सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ साझा किया था। उस पोस्ट में रणदीप के पिता अपनी पोती को गोद में लिए नजर आए थे, जबकि दूसरी तस्वीर में बच्ची का नन्हा हाथ दिखाई दिया था।
उस दौरान रणदीप ने भावुक कैप्शन में लिखा था,
"आज जब मैं पिता बना हूं, तो पापा आपके लिए मेरा सम्मान और बढ़ गया है। और सबसे अहम, लिन धन्यवाद कि आपने मुझे पिता बनने का सुख दिया और हमारी बेटी को इस दुनिया में लाईं।"
सोशल मीडिया पर मिली ढेरों शुभकामनाएं
रणदीप और लिन की इस पोस्ट पर कई सितारों और फैंस ने प्यार बरसाया। अभिनेत्री नीना गुप्ता ने पोस्ट को लाइक किया, वहीं अभिनेता विनीत कुमार सिंह ने रेड हार्ट इमोजी के साथ शुभकामनाएं दीं। फैशन स्टाइलिस्ट अनाइता श्रॉफ अदजानिया ने भी कपल को बधाई दी।
2023 में हुई थी शादी
गौरतलब है कि रणदीप हुड्डा और लिन लैशराम ने 29 नवंबर 2023 को पारंपरिक मणिपुरी रीति-रिवाजों के अनुसार शादी रचाई थी। दोनों की शादी की तस्वीरें सोशल media पर खूब वायरल हुई थीं।

