मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री ज़रीन खान की मां परवीन खान का बुधवार, 8 अप्रैल 2026 को मुंबई में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। इस दुखद खबर की पुष्टि अभिनेत्री की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर की है। परवीन खान के निधन से परिवार और करीबी दोस्तों में शोक की लहर है।
अभिनेत्री ज़रीन खान की टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया, "यह सूचित करते हुए हमें बेहद दुख हो रहा है कि हमारी प्रिय मिस परवीन खान, जो ज़रीन खान और सना खान की मां थीं, 8 अप्रैल को शांतिपूर्वक इस दुनिया को अलविदा कह गईं।"
लंबे समय से बीमार थीं परवीन खान
बताया जा रहा है कि परवीन खान पिछले काफी समय से बीमार चल रही थीं और उनका इलाज लगातार जारी था। ज़रीन खान अपनी मां की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार अपडेट देती रही थीं और फैंस से उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ करने की अपील भी करती थीं।
फरवरी में अस्पताल में भर्ती होने की दी थी जानकारी
फरवरी 2026 में ज़रीन खान ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपनी मां की तबीयत को लेकर भावुक पोस्ट साझा की थी। उन्होंने लिखा था, "मां फिर से अस्पताल में भर्ती हैं... कृपया उन्हें अपनी दुआओं में याद रखें।"
इस पोस्ट के बाद से फैंस लगातार उनकी मां के जल्द ठीक होने की कामना कर रहे थे, लेकिन अब उनके निधन की खबर ने सभी को भावुक कर दिया है।

