कोलकाता : आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों को लेकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा के बाद चुनाव आयोग (EC) ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। आयोग ने बुधवार को पांच आईपीएस अधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें विभिन्न रेंज में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) के पद पर नियुक्त करने का आदेश जारी किया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, राठौड़ अमितकुमार भारत को रायगंज रेंज का DIG नियुक्त किया गया है, जबकि अजीत सिंह यादव को मुर्शिदाबाद रेंज की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके अलावा, श्रीहरि पांडे को बर्धमान, कंकर प्रसाद बरुई को प्रेसीडेंसी रेंज और अंजलि सिंह को जलपाईगुड़ी रेंज का DIG बनाया गया है।
चुनाव आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में निर्देश दिया है कि इन सभी अधिकारियों की नियुक्ति तुरंत प्रभाव से लागू की जाए। साथ ही, आयोग ने 19 मार्च सुबह 11 बजे तक सभी अधिकारियों के पदभार ग्रहण करने की अनुपालन रिपोर्ट भी मांगी है।
पहले भी हो चुके हैं बड़े तबादले
चुनाव की तारीखों की घोषणा के बाद आयोग पहले ही कई बड़े प्रशासनिक बदलाव कर चुका है। इसमें मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा का तबादला शामिल है। इसके अलावा, डीजीपी पीयूष पांडे और कोलकाता पुलिस आयुक्त सुप्रतीम सरकार को भी उनके पद से हटाया गया था।
दो चरणों में होंगे चुनाव
पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में होगा। पहला चरण 23 अप्रैल को और दूसरा चरण 29 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा। वहीं, मतगणना 4 मई को होगी।



