वाशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच बड़ी कूटनीतिक सफलता सामने आई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि पाकिस्तान की मध्यस्थता के बाद अमेरिका और ईरान दो सप्ताह के संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं। इस समझौते के तहत दोनों देशों ने फिलहाल सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला किया है।
डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार शाम अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर जानकारी देते हुए कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर के अनुरोध के बाद उन्होंने ईरान पर प्रस्तावित सैन्य कार्रवाई रोकने का निर्णय लिया है। हालांकि, इसके लिए ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को सुरक्षित और पूरी तरह खोलने की शर्त स्वीकार की है।
शुक्रवार को इस्लामाबाद में हो सकती है बड़ी बैठक
ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने भी दो सप्ताह के संघर्षविराम की पुष्टि की है और संकेत दिए हैं कि शुक्रवार, 10 अप्रैल को इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरान के बीच औपचारिक वार्ता हो सकती है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों को बातचीत के लिए इस्लामाबाद आमंत्रित किया है।
ट्रंप बोले- बड़े समझौते की दिशा में बढ़ रहे हैं कदम
ट्रंप ने कहा कि यह संघर्षविराम केवल अस्थायी शांति नहीं बल्कि एक बड़े समझौते की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका को ईरान की ओर से 10 बिंदुओं वाला प्रस्ताव मिला है, जिसे बातचीत के लिए सकारात्मक आधार माना जा रहा है।
उन्होंने कहा, “हमने अपने अधिकांश सैन्य लक्ष्य हासिल कर लिए हैं और अब ईरान के साथ दीर्घकालिक शांति समझौते के बेहद करीब हैं।”
ईरान की शर्तें भी आईं सामने
सूत्रों के अनुसार, संघर्षविराम के बदले ईरान ने कई प्रमुख मांगें रखी हैं, जिनमें शामिल हैं:
- पश्चिम एशिया से अमेरिकी सैनिकों की वापसी
- आर्थिक प्रतिबंधों को हटाना
- ईरानी परिसंपत्तियों पर लगी रोक समाप्त करना
इसके अलावा, ईरान ने अपने परमाणु कार्यक्रम के लिए संवर्धन की अनुमति की भी मांग की है।
होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क की तैयारी
एक क्षेत्रीय अधिकारी के मुताबिक, प्रस्तावित योजना के तहत ईरान और ओमान को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों पर शुल्क लेने की अनुमति दी जा सकती है। बताया जा रहा है कि ईरान इस धनराशि का उपयोग युद्ध प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में करेगा।
इजराइल और खाड़ी देशों में जारी अलर्ट
हालांकि संघर्षविराम की घोषणा के बीच क्षेत्र में तनाव अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। बुधवार तड़के इजराइल, यूएई, सऊदी अरब, बहरीन और कुवैत में मिसाइल अलर्ट जारी किए गए। यूएई की राजधानी अबू धाबी में ईरानी हमले के बाद एक गैस प्रोसेसिंग प्लांट में आग लगने की भी खबर सामने आई है।
व्हाइट हाउस ने क्या कहा?
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच आमने-सामने वार्ता को लेकर चर्चा जारी है, लेकिन आधिकारिक घोषणा राष्ट्रपति या व्हाइट हाउस की ओर से ही की जाएगी।



