मुंबई: महाराष्ट्र की राजनीति में बारामती विमान दुर्घटना को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने राज्य सरकार से अपने पार्टी विधायक रोहित पवार को तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
सुले ने कहा कि रोहित पवार ने हाल ही में बारामती में हुए विमान हादसे को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल उठाए हैं, जिसके बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए सरकार से इस मामले में गंभीरता दिखाने की अपील की।
https://x.com/i/status/2024337934812664284
बारामती विमान हादसे पर उठे सवाल
28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती में हुए एक विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया था और घटना के बाद से सोशल मीडिया पर कई तरह की आशंकाएं और सवाल सामने आ रहे हैं।
रोहित पवार ने दो अलग-अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर इस दुर्घटना में संभावित गड़बड़ी की आशंका जताई है। उनका कहना है कि जब तक हादसे की जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
पारदर्शी जांच की मांग
सुले का कहना है कि जनता को इस हादसे से जुड़े हर पहलू पर स्पष्ट जवाब मिलने का संवैधानिक अधिकार है। यदि जांच एजेंसियों की ओर से जानकारी देने में देरी होती है, तो लोगों में असुरक्षा और अविश्वास की भावना बढ़ सकती है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस वीएसआर कंपनी का लियरजेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, उसे संरक्षण दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के समय अजित पवार इसी विमान में सवार थे।
सरकार से सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील
सुले ने जोर देते हुए कहा कि रोहित पवार जनता की भावनाओं और शंकाओं को सामने रख रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने सरकार से मांग की कि विधायक को पर्याप्त सुरक्षा प्रदान की जाए ताकि वे बिना किसी दबाव के अपनी बात रख सकें।



