नई दिल्ली, भीषण गर्मी से जूझ रहे देशवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। India Meteorological Department (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, मई महीने में देशभर में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही दक्षिण-पश्चिम मानसून 14 से 16 मई के बीच अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में दस्तक दे सकता है।
हालांकि, मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ क्षेत्रों में हीटवेव (लू) की स्थिति अभी जारी रह सकती है। खासतौर पर हिमालय के तराई क्षेत्रों, पूर्वी तट, गुजरात और महाराष्ट्र में सामान्य से अधिक लू वाले दिन देखने को मिल सकते हैं।
मई में कैसा रहेगा तापमान?
आईएमडी के अनुसार, मई 2026 के दौरान देश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं, उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत के कुछ हिस्सों और दक्षिणी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान सामान्य या उससे कम रह सकता है।
बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने बताया कि मई में पूरे देश में औसतन बारिश सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। हालांकि, पूर्वोत्तर, पूर्वी और पूर्व-मध्य भारत के कुछ इलाकों में सामान्य से कम बारिश हो सकती है।
मानसून पर बड़ा अपडेट
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार समय पर आगे बढ़ता दिख रहा है और 14–16 मई के बीच अंडमान-निकोबार क्षेत्र में पहुंच सकता है।
एल नीनो का असर
मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी संकेत दिया है कि भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर में ENSO (एल नीनो सदर्न ऑसिलेशन) की स्थिति धीरे-धीरे एल नीनो की ओर बढ़ रही है। आमतौर पर एल नीनो के दौरान समुद्र का तापमान बढ़ जाता है, जिसका असर मानसून पर पड़ सकता है।
अप्रैल का मौसम कैसा रहा?
अप्रैल महीने में देश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य या उससे कम रहा। हालांकि, दक्षिण भारत के कई इलाकों में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया।
इसके अलावा, अप्रैल के दौरान देश में 7 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहे, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिला।



