दिल को स्वस्थ रखना शरीर के लिए बेहद ज़रूरी है। आज के समय में लोग हृदय को फिट रखने के लिए डाइट प्लान और नियमित व्यायाम का सहारा लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ लाल रंग के फल भी दिल की सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं?
लाल फल पोषक तत्वों और एंटीऑक्सिडेंट्स से भरपूर होते हैं, जो न सिर्फ स्वादिष्ट होते हैं बल्कि दिल को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में भी मदद करते हैं। इनमें मौजूद विटामिन, फाइबर, मिनरल्स और फ्लेवोनॉइड्स ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने और कोलेस्ट्रॉल कम करने में सहायक होते हैं। आइए जानते हैं कौन-से लाल फल आपके दिल को रख सकते हैं मजबूत—
स्ट्रॉबेरी
स्ट्रॉबेरी पोटैशियम, फ्लेवोनॉइड्स और पॉलीफेनॉल का बेहतरीन स्रोत है। यह कोलेस्ट्रॉल को संतुलित रखने और ब्लड प्रेशर कम करने में मदद करती है। इसमें मौजूद पोटैशियम हृदय से जुड़ी बीमारियों के खतरे को कम करता है और रक्त संचार को बेहतर बनाता है। स्ट्रॉबेरी को आप सलाद, शेक या स्मूदी के रूप में डाइट में शामिल कर सकते हैं।
टमाटर
टमाटर में लाइकोपीन, पोटैशियम और विटामिन C भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करता है और रक्त वाहिकाओं को स्वस्थ रखने में मदद करता है। टमाटर को सलाद, सूप या सब्ज़ियों में शामिल कर आसानी से खाया जा सकता है।
अनार
अनार एंटीऑक्सिडेंट्स, फाइबर और जरूरी विटामिन्स से भरपूर होता है। यह रक्त वाहिकाओं में प्लाक जमने से रोकता है, ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखता है और दिल की धमनियों को साफ रखने में मदद करता है। अनार का सेवन जूस या दानों के रूप में किया जा सकता है।
सेब
लाल सेब में फाइबर और फ्लेवोनॉइड्स होते हैं, जो कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने और दिल की सेहत सुधारने में सहायक हैं। रोज़ाना एक सेब खाना दिल के लिए फायदेमंद माना जाता है।
चेरी
चेरी में एंथोसायनिन्स और पोटैशियम प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो ब्लड प्रेशर को संतुलित रखते हैं और हृदय की मांसपेशियों को मजबूत बनाते हैं। इसमें मौजूद एंटीऑक्सिडेंट्स सूजन कम करने और रक्त संचार बेहतर करने में मदद करते हैं। चेरी हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसे गंभीर रोगों के खतरे को भी कम कर सकती है।

