कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव परिणाम आने के कुछ घंटों बाद बड़ी हिंसक घटना सामने आई है। भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की बुधवार रात अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम थाना क्षेत्र के दोहरिया इलाके में हुई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार हमलावरों ने चंद्रनाथ रथ की कार का पीछा किया और मौका मिलते ही उन्हें बेहद करीब से गोलियां मार दीं। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, चंद्रनाथ रथ कार की आगे वाली सीट पर बैठे थे। हमले में कार चालक भी घायल हुआ है, जिसे गंभीर हालत में कोलकाता के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गंभीर रूप से घायल रथ को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि उनके सीने और पेट में कई गोलियां लगी थीं।
भाजपा सूत्रों का कहना है कि चंद्रनाथ रथ ने भवानीपुर विधानसभा सीट पर शुभेंदु अधिकारी के चुनाव प्रचार में अहम भूमिका निभाई थी। इस सीट पर भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को कड़ी टक्कर दी थी।
घटना के बाद भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा नेता कौस्तव बागची ने इसे “सुनियोजित हमला” बताते हुए कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी तक पार्टी शांत नहीं बैठेगी। वहीं भाजपा विधायक तरुणज्योति तिवारी ने भी तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में राजनीतिक हिंसा लगातार बढ़ रही है।
सूचना मिलने के बाद शुभेंदु अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। फिलहाल हमलावरों की पहचान करने और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।



