नई दिल्ली, अमेरिका की प्रमुख चिप निर्माता कंपनी Nvidia ने भारत में अपने विस्तार को नया आयाम देते हुए बेंगलुरु में एक बड़ी रियल एस्टेट डील फाइनल की है। कंपनी ने महादेवपुरा इलाके में करीब 6 लाख वर्ग फुट का ऑफिस स्पेस 10 साल की लंबी अवधि के लिए लीज पर लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस डील की कुल वैल्यू ₹1,230 करोड़ से अधिक आंकी गई है, जो 2026 की सबसे बड़ी ऑफिस लीज डील्स में से एक मानी जा रही है।
डील की मुख्य जानकारी और शर्तें
यह ऑफिस स्पेस बागमाने कैपिटल के मेम्फिस साउथ टॉवर में स्थित है, जहां Nvidia ने 12 फ्लोर का बड़ा हिस्सा लीज पर लिया है। यह समझौता बागमाने कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड के साथ किया गया है और इसकी शुरुआत 1 अप्रैल 2026 से हो चुकी है।
इस लीज में किराये में समय-समय पर बढ़ोतरी (rent escalation) जैसी शर्तें भी शामिल हैं, जिससे कुल डील वैल्यू ₹1,230 करोड़ के पार पहुंचती है।
बेंगलुरु बना ग्लोबल टेक कंपनियों की पहली पसंद
इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह सौदा इस बात का संकेत है कि बेंगलुरु अब भी भारत का सबसे मजबूत ऑफिस लीजिंग मार्केट बना हुआ है। खासकर महादेवपुरा, आउटर रिंग रोड और व्हाइटफील्ड जैसे इलाकों में प्रीमियम ऑफिस स्पेस की मांग लगातार बढ़ रही है।
प्रॉपस्टैक के को-फाउंडर Raja Seetharaman के अनुसार, ऐसी बड़ी डील्स से साफ है कि ग्लोबल कंपनियां भारत में अपनी उपस्थिति तेजी से बढ़ा रही हैं।
AI और R&D में तेजी से बढ़ रहा निवेश
Nvidia का यह कदम केवल रियल एस्टेट निवेश नहीं, बल्कि भारत में AI, रिसर्च और इंजीनियरिंग ऑपरेशंस को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद, बहुराष्ट्रीय टेक कंपनियां भारत को अपने डिजाइन और R&D हब के रूप में प्राथमिकता दे रही हैं।



