नवी मुंबई: महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में नवी मुंबई नगर निगम एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। नवी मुंबई नगर परिवहन (NMMT) सेवा के लिए जल्द ही 400 महिलाओं को बस चालक के रूप में प्रशिक्षित कर नियुक्त किया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में नवी मुंबई की महापौर सुजाता पाटिल ने इस पहल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सच्चा सशक्तीकरण तभी संभव है जब वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें। इसी उद्देश्य से नगर निगम महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रहा है।
महापौर ने बताया कि इस योजना के पहले चरण में 400 महिलाओं की भर्ती बस ड्राइवर के रूप में की जाएगी। चयनित उम्मीदवारों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे सार्वजनिक परिवहन सेवा में सुरक्षित और कुशल तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभा सकें।
यह पहल महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाइक के मार्गदर्शन में लागू की जा रही है। नगर निगम की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, चयनित महिलाओं के प्रशिक्षण की निगरानी नगर निगम के समाज कल्याण विभाग द्वारा की जाएगी। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद उन्हें NMMT बस सेवा में चालक के रूप में नियुक्त किया जाएगा।इस पहल को महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और सार्वजनिक परिवहन क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

