न्यूयॉर्क: अमेरिका के व्यस्त ला गार्डिया एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। एयर कनाडा का एक यात्री विमान टैक्सींग के दौरान रनवे पर मौजूद फायर ट्रक से टकरा गया, जिसमें चार फायरफाइटर गंभीर रूप से घायल हो गए।
कैसे हुआ हादसा?
मॉन्ट्रियल से न्यूयॉर्क आ रही एयर कनाडा एक्सप्रेस की CRJ-900 फ्लाइट, लैंडिंग के बाद गेट की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान खराब मौसम और कम दृश्यता के बीच विमान ने रनवे पर खड़े फायर ट्रक को टक्कर मार दी।
फ्लाइट ट्रैकिंग प्लेटफॉर्म के मुताबिक, टक्कर के समय विमान की रफ्तार करीब 39 किमी प्रति घंटा थी।
यात्रियों की स्थिति
विमान में करीब 100 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की खबर नहीं है, हालांकि सभी यात्रियों की मेडिकल जांच की जा रही है।
ATC ऑडियो में सुनाई दी चेतावनी
हादसे से पहले एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) द्वारा ग्राउंड वाहन को कई बार चेतावनी दी गई थी। रिकॉर्डिंग में साफ सुना जा सकता है: “Truck 1 stop stop stop… STOP!”
इसके बावजूद टक्कर को टाला नहीं जा सका।
FAA ने लगाई ग्राउंड स्टॉप
घटना के बाद Federal Aviation Administration (FAA) ने तुरंत ला गार्डिया एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टॉप लागू कर दिया।
सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोका गया
कई फ्लाइट्स को अन्य एयरपोर्ट्स की ओर डायवर्ट किया गया
कुछ उड़ानें वापस अपने मूल स्थान पर लौटा दी गईं
FAA के अनुसार, एयरपोर्ट कुछ समय तक बंद रह सकता है।
सामने आईं तस्वीरें और वीडियो
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में विमान के आगे के हिस्से (नोज) को नुकसान पहुंचा हुआ दिख रहा है। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में इमरजेंसी टीमें तैनात हैं और राहत-बचाव कार्य जारी है।
जांच जारी
प्रशासन ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर खराब मौसम और रनवे कोऑर्डिनेशन में चूक को संभावित कारण माना जा रहा है।



