मुंबई: महाराष्ट्र राज्य के विभिन्न पेशेवर और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) 2026–27 की परीक्षा तिथियां घोषित कर दी गई हैं। राज्य कॉमन एंट्रेंस टेस्ट सेल द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, इन परीक्षाओं की शुरुआत 24 मार्च 2026 से होगी और यह सिलसिला 17 मई 2026 तक जारी रहेगा।
अधिकारियों के अनुसार इस वर्ष अलग-अलग पाठ्यक्रमों के लिए आयोजित CET परीक्षाओं में करीब 12.9 लाख अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया है। कुल मिलाकर 17 प्रवेश परीक्षाएं लगभग 45 दिनों की अवधि में आयोजित की जाएंगी।
M.P.Ed और M.Ed CET से होगी शुरुआत
जारी शेड्यूल के अनुसार M.P.Ed CET परीक्षा 24 मार्च 2026 को आयोजित की जाएगी, जबकि इसके लिए फील्ड टेस्ट 25 मार्च को लिया जाएगा। इसके बाद M.Ed CET परीक्षा 25 मार्च 2026 को आयोजित होगी।
B.Ed और B.Ed ELCT CET: 27 से 29 मार्च
शिक्षा क्षेत्र में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए B.Ed (जनरल और स्पेशल) तथा B.Ed ELCT CET परीक्षाएं 27 मार्च से 29 मार्च 2026 के बीच आयोजित की जाएंगी।
लॉ कोर्स के लिए CET की तारीखें
कानून की पढ़ाई करने के इच्छुक छात्रों के लिए CET सेल ने अलग-अलग तिथियां तय की हैं।
* 3 वर्षीय LL.B CET – 1 और 2 अप्रैल 2026
* 5 वर्षीय LL.B CET – 8 मई 2026
B.P.Ed और इंटीग्रेटेड B.Ed–M.Ed CET
फिजिकल एजुकेशन से जुड़े पाठ्यक्रमों के लिए B.P.Ed CET परीक्षा 4 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी। इसके बाद 5 अप्रैल से 7 अप्रैल तक उम्मीदवारों के फील्ड टेस्ट लिए जाएंगे।इसके अलावा B.Ed–M.Ed इंटीग्रेटेड CET परीक्षा 9 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी।
छात्रों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
CET सेल के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी अपडेट के लिए आधिकारिक वेबसाइट को नियमित रूप से चेक करते रहें। साथ ही, उम्मीदवारों को अपनी एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से पहले डाउनलोड करने की भी सलाह दी गई है।



