नई दिल्ली, पश्चिम एशिया में चल रहे सैन्य संघर्ष के बीच भारत में एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू और वाणिज्यिक दोनों प्रकार के सिलेंडरों के दाम बढ़ा दिए हैं।
तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, अब दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला गैर-सब्सिडी घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपये का हो गया है। इससे पहले इसकी कीमत 853 रुपये थी। यानी उपभोक्ताओं को अब एक सिलेंडर के लिए 60 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे।
बताया जा रहा है कि पश्चिम एशिया में बढ़ते सैन्य तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में कीमतें बढ़ी हैं, जिसके असर से भारत में भी एलपीजी की कीमतों में संशोधन किया गया है।
बड़े शहरों में नई कीमतें
ताजा बढ़ोतरी के बाद देश के प्रमुख महानगरों में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हो गई हैं—
* मुंबई: 912.50 रुपये
* कोलकाता: 939 रुपये
* चेन्नई: 928.50 रुपये
राज्यों में स्थानीय बिक्री कर या वैट की दरों के कारण एलपीजी की कीमतों में थोड़ा अंतर देखने को मिलता है।
11 महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
पिछले करीब 11 महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू एलपीजी की कीमत बढ़ाई गई है। इससे पहले अप्रैल 2025 में सिलेंडर की कीमत में 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को राहत
सरकार की प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन प्राप्त करने वाले 10 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को प्रति सिलेंडर 300 रुपये की सब्सिडी मिलती रहेगी। उन्हें साल में अधिकतम 12 सिलेंडरों पर यह सब्सिडी दी जाती है।
वाणिज्यिक सिलेंडर भी महंगा
होटल, ढाबा और रेस्तरां जैसे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल होने वाले 19 किलोग्राम के वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी 114.5 रुपये की वृद्धि की गई है। इसके बाद दिल्ली में इसकी नई कीमत 1,883 रुपये हो गई है।
गौरतलब है कि एक मार्च को ही वाणिज्यिक सिलेंडर के दाम 28 रुपये बढ़ाए गए थे। इस तरह 2026 में अब तक वाणिज्यिक एलपीजी की कीमतों में कुल 302.50 रुपये की बढ़ोतरी हो चुकी है।



