कराची :पाकिस्तान के कराची शहर में बुधवार रात आई भारी बारिश और तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचा दी। इस दौरान अलग-अलग हादसों में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
तेज हवाओं और बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में मकानों की छतें और दीवारें ढह गईं। इसके अलावा, जगह-जगह पेड़ और साइनबोर्ड गिरने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
कोरांगी में सबसे बड़ा हादसा उस समय हुआ जब एक दूरभाष केंद्र की छत और दीवार गिर गई। इस हादसे में वहां मौजूद 12 लोगों की मौत हो गई। बताया गया है कि ये लोग उस समय चाय पी रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सईदाबाद क्षेत्र के मोचको गोठ में एक इमारत ढहने की घटना भी सामने आई है। वहीं मलिर इलाके में आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की जान चली गई।इसके अलावा, लांधी की मजीद कॉलोनी और क्लिफ्टन क्षेत्र से भी हताहतों की खबरें हैं। क्लिफ्टन में एक महिला का शव गिरे हुए पेड़ के नीचे से बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि बचाव दल मलबा हटाने में जुटे हैं और आशंका है कि मलबे में अभी और लोग दबे हो सकते हैं।
उधर, पाकिस्तान मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों में और बारिश तथा तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। सिंध प्रांत के अन्य हिस्सों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है।
भारी बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। कराची के मेयर ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सावधानी बरतें।



