नोएडा, उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित जेवर का इंटरनेशनल एयरपोर्ट उद्घाटन से पहले ही राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से पहले All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen (AIMIM) ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
AIMIM के प्रवक्ता शादाब चौहान ने एयरपोर्ट के निजीकरण को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। उनका आरोप है कि निजी कंपनियां एयरपोर्ट संचालन में मनमाने तरीके से शुल्क बढ़ाती हैं, जिसका सीधा असर यात्रियों पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि देश के कई एयरपोर्ट्स पर पहले से ही अलग-अलग नामों से चार्जेस बढ़ाए जा रहे हैं। चौहान के मुताबिक, आपदा या संकट के समय एयरलाइंस कंपनियां भी किराए बढ़ा देती हैं, जिससे आम लोगों के लिए हवाई यात्रा और महंगी हो जाती है।
AIMIM प्रवक्ता ने रेलवे सेवाओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार आम ट्रेनों की बजाय प्रीमियम ट्रेनों को प्राथमिकता दे रही है, जिससे सामान्य यात्रियों को परेशानी हो रही है।
शादाब चौहान ने मांग की कि जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निजी कंपनियों के हवाले न किया जाए और इसका संचालन सरकार के नियंत्रण में रखा जाए। साथ ही उन्होंने एयरलाइंस कंपनियों के किराए पर नियंत्रण की भी मांग की, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके।
इस दौरान उन्होंने राजनीतिक टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह संभवतः आखिरी कार्यकाल हो सकता है। उन्होंने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए और आगामी विधानसभा चुनावों में बदलाव का दावा किया।
चौहान ने महंगाई और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने सरकार से “हर घर सिलेंडर” जैसी योजना शुरू करने की मांग करते हुए आम जनता को राहत देने की बात कही।



