दुबई, सऊदी अरब के एक प्रमुख सैन्य हवाई अड्डे पर ईरान द्वारा किए गए हालिया हमलों में 24 से अधिक अमेरिकी सैनिकों के घायल होने की खबर सामने आई है। इस मामले की जानकारी रखने वाले दो सूत्रों ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी साझा की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने शुक्रवार को सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयरबेस को निशाना बनाते हुए 6 बैलिस्टिक मिसाइलें और 29 ड्रोन दागे। इस हमले में कम से कम 15 सैनिक घायल हुए, जिनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इससे पहले अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की थी कि इस हमले में कम से कम 10 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, जिनमें 2 गंभीर रूप से जख्मी हैं। हालांकि, बाद में सामने आई जानकारी के अनुसार घायलों की संख्या इससे अधिक है।
सूत्रों के अनुसार, इस सप्ताह की शुरुआत में भी इसी एयरबेस पर दो अलग-अलग हमले किए गए थे। इनमें से एक हमले में 14 अमेरिकी सैनिक घायल हुए थे, जिससे कुल घायल सैनिकों की संख्या 24 से अधिक हो गई है।
यह एयरबेस सऊदी अरब की राजधानी रियाद से लगभग 96 किलोमीटर दूर स्थित है। इसका संचालन रॉयल सऊदी एयर फोर्स द्वारा किया जाता है, लेकिन यहां अमेरिकी सेना की भी तैनाती है और इसका इस्तेमाल संयुक्त सैन्य अभियानों के लिए किया जाता है।



