नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच चरम पर है और आज यानी 18 अप्रैल को सीजन का 26वां मुकाबला खेला जाएगा। इस मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का सामना दिल्ली कैपिटल्स से होगा। यह मैच बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।
आरसीबी के नाम होगा ऐतिहासिक रिकॉर्ड
इस मैच के साथ ही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु एक बड़ा मुकाम हासिल करने जा रही है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ यह मुकाबला चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी का 100वां आईपीएल मैच होगा।
इसके साथ ही आरसीबी आईपीएल इतिहास की पहली टीम बन जाएगी जो किसी एक ही मैदान पर 100 मुकाबले खेलने का रिकॉर्ड बनाएगी।
इस सूची में दूसरे स्थान पर कोलकाता नाइट राइडर्स है, जिसने ईडन गार्डेन्स में 98 मैच खेले हैं। वहीं तीसरे नंबर पर मुंबई इंडियंस है, जिसने वानखेड़े स्टेडियम में 95 मुकाबले खेले हैं।
चिन्नास्वामी स्टेडियम की खासियत
बेंगलुरु का चिन्नास्वामी स्टेडियम देश के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट मैदानों में से एक माना जाता है। यहां का माहौल, फैंस का जोश और हाई-स्कोरिंग मैच इसे खास बनाते हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि दिल्ली कैपिटल्स इस चुनौती का सामना कैसे करती है।
पॉइंट्स टेबल में टॉप पर नजर आरसीबी की
आरसीबी इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। टीम ने अब तक खेले 5 मैचों में से 4 में जीत दर्ज की है और सिर्फ 1 मुकाबला हारा है। टीम फिलहाल पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है और इस मैच को जीतकर शीर्ष पर पहुंचने की कोशिश करेगी।
दिल्ली कैपिटल्स को चाहिए स्थिरता
वहीं दिल्ली कैपिटल्स का प्रदर्शन इस सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम ने 4 मैचों में 2 जीत और 2 हार दर्ज की है और फिलहाल छठे स्थान पर है। आरसीबी के खिलाफ जीत दर्ज कर टीम अपने अभियान को मजबूती देना चाहेगी।

