गुवाहाटी: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का तीसरा मुकाबला आज राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला जाएगा। दोनों टीमें इस सीजन का अपना पहला मैच खेलने उतरेंगी, ऐसे में मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है।
मुकाबले की खास बात यह है कि संजू सैमसन और रविंद्र जडेजा ट्रेड के बाद पहली बार अपनी पूर्व टीमों के खिलाफ खेलते नजर आएंगे, जिससे मैच और भी रोमांचक हो गया है।
मौसम बन सकता है विलेन
हालांकि इस हाई-वोल्टेज मुकाबले पर मौसम का साया मंडरा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार गुवाहाटी में पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय करीब 50 प्रतिशत तक बारिश के आसार हैं, जबकि मैच के दौरान भी 20 प्रतिशत तक बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में हल्की बारिश या बूंदाबांदी मैच की शुरुआत में देरी कर सकती है।
मैच पर पड़ सकता है असर
मौसम की स्थिति को देखते हुए मुकाबले में देरी, ओवरों में कटौती या फिर डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम लागू होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि फिलहाल मैच के पूरी तरह रद्द होने की संभावना कम बताई जा रही है।
दोनों टीमें जीत से करना चाहेंगी आगाज़
एक ओर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में उतरेगी, जिसमें एमएस धोनी, शिवम दुबे और राहुल चाहर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम में यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, जोफ्रा आर्चर और सैम करन जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं।



