नई दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के बीच बड़ा झटका लगा है। टीम के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।
फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान में बताया कि 18 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान बल्लेबाजी करते समय आयुष की बायीं हैमस्ट्रिंग में चोट लग गई थी। चोट के बावजूद उन्होंने कुछ समय तक बल्लेबाजी जारी रखी, लेकिन असहजता के कारण जल्द ही उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा।
सीएसके के अनुसार, आयुष को पूरी तरह फिट होने के लिए छह से 12 सप्ताह तक रिहैबिलिटेशन से गुजरना होगा, जिससे वह IPL 2026 के बाकी मैचों में उपलब्ध नहीं रहेंगे।
मैच के बाद सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने कहा कि आयुष का बाहर होना टीम के लिए बड़ा नुकसान है, क्योंकि वह शानदार फॉर्म में चल रहे थे।
इस सीजन में आयुष म्हात्रे ने छह मैचों में 177.87 के स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए हैं। वहीं, सीएसके का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है, जहां टीम को छह में से चार मैचों में हार का सामना करना पड़ा है और वह अंक तालिका में आठवें स्थान पर है।
आयुष की गैरमौजूदगी में सीएसके को अपने बल्लेबाजी संयोजन में बदलाव करना पड़ सकता है, जो टीम के आगे के अभियान को प्रभावित कर सकता है।



