चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अजिंक्य रहाणे की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को एक और झटका लगा है। टीम के कप्तान रहाणे पर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के नियमों का उल्लंघन करने के कारण 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
यह जुर्माना चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ खेले गए मुकाबले में धीमी ओवर गति बनाए रखने के कारण लगाया गया। यह मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया था, जहां KKR को 32 रन से हार का सामना करना पड़ा।
आईपीएल द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, न्यूनतम ओवर गति से जुड़े आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत यह इस सीजन में KKR का पहला उल्लंघन था। इसी कारण कप्तान रहाणे पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
KKR का खराब प्रदर्शन जारी
KKR की टीम इस सीजन में अब तक एक भी मैच जीतने में सफल नहीं रही है। लगातार हार के चलते टीम अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर बनी हुई है, जिससे उसके प्लेऑफ में पहुंचने की राह मुश्किल होती जा रही है।
अगला मुकाबला कब और किससे?
कोलकाता नाइट राइडर्स का अगला मैच शुक्रवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेला जाएगा। टीम इस मैच में जीत हासिल कर सीजन में वापसी करने की कोशिश करेगी।

