कोलंबो: भारत ने टी20 विश्व कप के ग्रुप-ए मुकाबले में पाकिस्तान पर एकतरफा अंदाज में 61 रन की बड़ी जीत दर्ज कर सुपर-8 चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 7 विकेट पर 175 रन बनाए, जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन पर ढेर हो गई।
इशान किशन का तूफान, भारत ने खड़ा किया मजबूत स्कोर
सलामी बल्लेबाज इशान किशन ने स्पिन के अनुकूल पिच पर आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 77 रन ठोके। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।
इशान ने तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन का योगदान दिया, जबकि शिवम दुबे ने 27 रन जोड़े। अंत में रिंकू सिंह ने तेज 11 रन बनाकर स्कोर 175 तक पहुंचाया।
पाकिस्तान की ओर से सईम अयूब ने 25 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि शाहीन शाह अफरीदी को 2 विकेट मिले, लेकिन वे महंगे साबित हुए।
गेंदबाजों का कहर, पाकिस्तान 114 पर सिमटा
176 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। दूसरे ओवर तक ही तीन विकेट गिर चुके थे।
हार्दिक पंड्या, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट लेकर पाक बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
पाकिस्तान की ओर से उस्मान खान ने 44 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली, जबकि शाहीन 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। इनके अलावा कोई बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सका।
भारत का दबदबा बरकरार
टी20 विश्व कप इतिहास में भारत की पाकिस्तान पर यह नौ मुकाबलों में आठवीं जीत है। इस बड़ी जीत के साथ भारतीय टीम ने सुपर-8 चरण में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है और खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाया है।

