मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ग्लोबल AI समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर इंडियन युवा कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह का विरोध अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला है।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि AI समिट को लेकर पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है, ऐसे समय में इस प्रकार का प्रदर्शन देशहित के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि यह विरोध देश को बदनाम करने का प्रयास है और इसकी निंदा की जानी चाहिए।
भारत मंडपम में किया गया विरोध प्रदर्शन
शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।इस दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने विरोध जताने के लिए अपनी शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
युवा कांग्रेस ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि उनके कार्यकर्ता AI समिट के दौरान देश की पहचान से कथित तौर पर समझौता किए जाने के खिलाफ आवाज उठा रहे थे।
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी उठाए सवाल
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने समिट के आयोजन पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत की प्रतिभा और डेटा का सही उपयोग करने के बजाय यह कार्यक्रम एक अव्यवस्थित PR इवेंट बनकर रह गया है।
वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी आयोजन को लेकर कुप्रबंधन का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों और प्रदर्शकों को भोजन और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ा।
राजनीतिक बयानबाजी तेज
भारत की डिजिटल और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने के उद्देश्य से आयोजित इस AI समिट को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विरोध प्रदर्शन और आरोप-प्रत्यारोप के बाद यह आयोजन राजनीतिक विवाद का विषय बनता नजर आ रहा है।



