कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजनीति में चुनावी सरगर्मी के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर विधानसभा सीट से अपनी जीत को लेकर बड़ा दावा किया है। बुधवार को मोटरसाइकिल रैली के साथ चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार उन्हें एक लाख से अधिक वोट मिलने की उम्मीद है।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मेदिनीपुर से पूर्व सांसद दिलीप घोष ने विश्वास जताया कि वह 2016 के मुकाबले इस बार कहीं बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा, “इस बार मेरी जीत का अंतर पहले से ज्यादा होगा और जनता का समर्थन साफ तौर पर भाजपा के पक्ष में दिखाई दे रहा है।”
गौरतलब है कि 2016 के विधानसभा चुनाव में दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर सीट से करीब 61 हजार वोट हासिल कर जीत दर्ज की थी। उन्होंने उस समय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और 10 बार के विधायक ज्ञान सिंह सोहनपाल को हराया था, जिन्हें लगभग 55 हजार वोट मिले थे।
दिलीप घोष ने यह भी कहा कि क्षेत्र के लोग भाजपा को अपनी पार्टी मानते हैं, जिसके चलते हर चुनाव में पार्टी को मजबूत समर्थन मिलता है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता का विश्वास और भी ज्यादा बढ़ा है।
राज्य की राजनीति में भाजपा के प्रदर्शन का जिक्र करते हुए घोष ने कहा कि पार्टी ने 2021 के विधानसभा चुनाव में 77 सीटें जीतकर अपनी स्थिति मजबूत की, जबकि 2016 में उसे सिर्फ तीन सीटों पर सफलता मिली थी।
खड़गपुर सदर सीट पर दिलीप घोष का यह दावा आगामी चुनावों को लेकर राजनीतिक माहौल को और भी दिलचस्प बना रहा है।



