हरदोई, उत्तर प्रदेश के हरदोई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मेरठ से प्रयागराज तक बनने वाला यह एक्सप्रेसवे ‘मां गंगा का आशीर्वाद’ है और इससे प्रदेश में आवागमन और विकास को नई गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने इस एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश की “लाइफलाइन” बताते हुए कहा कि इससे व्यापार, रोजगार और कनेक्टिविटी को बड़ा लाभ होगा।
बंगाल चुनाव पर क्या बोले पीएम मोदी?
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में चल रहे विधानसभा चुनावों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में मतदाता मतदान कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए एक सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव “बिना डर के माहौल” में हो रहे हैं, जो पिछले कई दशकों में संभव नहीं था।
पीएम मोदी ने कहा कि लोग अपने अधिकारों को लेकर जागरूक हैं और बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
बीजेपी की जीत का दावा
प्रधानमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की हालिया चुनावी सफलताओं का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार विधानसभा और गुजरात नगर निकाय चुनावों में पार्टी को मिली जीत से जनता का भरोसा साफ झलकता है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में बीजेपी “ऐतिहासिक हैट्रिक” लगाएगी।
पीएम मोदी ने कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि इन पांच राज्यों के चुनाव में बीजेपी ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक पूरी करेगी। 4 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को और मजबूत करेंगे।”
विकास को मिलेगी नई गति
प्रधानमंत्री ने कहा कि चुनाव परिणाम देश के विकास को नई ऊर्जा देंगे और सरकार की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने में मदद करेंगे।



