नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश के मार्कपुरम जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक निजी ट्रैवल बस की टिपर लॉरी से टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई, जिससे कम से कम 14 यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह 6 बजे हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार यह दुर्घटना सुबह करीब 6:00 बजे हुई, जब हरिकृष्णा ट्रेवल्स की बस निर्मल से नेल्लोर जा रही थी। इसी दौरान बस की सामने से आ रही टिपर लॉरी से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में तुरंत आग लग गई और कई यात्री उसमें फंस गए।
जिंदा जल गए कई यात्री
मार्कपुरम के डीएसपी नागराजू के मुताबिक, शुरुआती रिपोर्ट में 8 लोगों की मौत बताई गई थी, लेकिन बाद में यह संख्या बढ़कर 14 हो गई। उन्होंने बताया कि कई यात्री जिंदा जल गए, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।
20 से ज्यादा घायल, अस्पताल में भर्ती
इस दुर्घटना में लगभग 18 से 20 घायल यात्रियों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों से बात कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए।
नारा लोकेश ने भी दी प्रतिक्रिया
राज्य के आईटी मंत्री नारा लोकेश ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और घायलों के बेहतर इलाज के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।



