कोलकाता: ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों के बीच हार स्वीकार करने से इनकार कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ने अपने समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं से “वेट एंड वॉच” (इंतजार करें) की अपील की है, क्योंकि मतगणना अभी जारी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किए गए करीब डेढ़ मिनट के वीडियो में ममता बनर्जी ने कहा कि अभी 14 से 18 राउंड की काउंटिंग बाकी है और अंतिम नतीजों का इंतजार किया जाना चाहिए।
BJP को बढ़त, TMC पीछे
रुझानों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने पश्चिम बंगाल में स्पष्ट बढ़त बना ली है और बहुमत के आंकड़े 148 को पार करते हुए करीब 189 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) लगभग 99 सीटों पर पीछे नजर आ रही है।
गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव में टीएमसी ने 215 सीटों के साथ दो-तिहाई बहुमत हासिल किया था, जबकि बीजेपी को 77 सीटें मिली थीं।
SIR और चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल
ममता बनर्जी ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कई असली मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि मतगणना प्रक्रिया में गड़बड़ी की कोशिश हो रही है और कुछ केंद्रों पर काउंटिंग रोकी भी गई है।
कार्यकर्ताओं से अपील: “मजबूती से डटे रहें”
ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों से कहा:
• काउंटिंग सेंटर न छोड़ें
• स्ट्रॉन्ग रूम के पास डटे रहें
• निराश न हों
उन्होंने कहा, “मैं पहले ही कह चुकी हूं कि बीजेपी के वोट पहले दिखाए जाएंगे। लेकिन असली नतीजे शाम के बाद सामने आएंगे। हम जरूर जीतेंगे।”
चुनाव आयोग पर भी निशाना
टीएमसी प्रमुख ने भारत निर्वाचन आयोग पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग और केंद्रीय बल मिलकर मनमानी कर रहे हैं और उन सीटों की जानकारी नहीं दी जा रही जहां टीएमसी आगे है।



