नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में मित्तल को राज्यसभा में पार्टी का उपनेता नियुक्त किया गया था। उन्होंने इस पद पर Raghav Chadha की जगह ली थी।
कई राज्यों में एक साथ छापेमारी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईडी की टीमों ने 8 से 9 जगहों पर एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। इनमें गुरुग्राम और पंजाब के कई ठिकाने शामिल हैं। जांच एजेंसी ने मित्तल के घर, उनके बेटे की संपत्तियों और एक फार्महाउस पर भी छापे मारे।
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी भी जांच के घेरे में
अशोक मित्तल जालंधर स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के मालिक हैं। ईडी को फंड्स से जुड़े कथित अनियमितताओं का शक है। इसी सिलसिले में जांच एजेंसी की टीम विश्वविद्यालय परिसर भी पहुंची और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
जांच अभी जारी
सूत्रों के अनुसार, ईडी अधिकारी वित्तीय लेन-देन और संबंधित दस्तावेजों की गहन जांच कर रहे हैं। छापेमारी अभी जारी है और आगे और खुलासे हो सकते हैं।
भगवंत मान का BJP पर आरोप
इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि यह कार्रवाई आगामी चुनावों को ध्यान में रखकर की गई है।
मान ने कहा कि भाजपा पंजाब चुनावों की तैयारी कर रही है और इसी के तहत ईडी का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने इसे "टिपिकल मोदी स्टाइल" बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
राजनीतिक माहौल गर्म
इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। आने वाले दिनों में इस मामले को लेकर और राजनीतिक बयानबाजी देखने को मिल सकती है।



