नई दिल्ली: मशहूर यूट्यूबर और बाइक राइडर अनुराग डोभाल (UK 07 Rider) और उनकी पत्नी रितिका डोभाल के घर खुशियों ने दस्तक दी है। इस कपल ने अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है। खास बात यह है कि उनके घर यह खुशखबरी राम नवमी के पावन अवसर पर आई, जिसे लेकर फैंस और करीबियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
सोशल मीडिया पर दी खुशखबरी
रितिका डोभाल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर नवजात शिशु के पैरों की एक प्यारी तस्वीर साझा करते हुए इस खुशखबरी को फैंस के साथ बांटा। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “राम नवमी के इस दिव्य और शुभ अवसर पर भगवान ने हमें हमारी सबसे अनमोल सौगात से नवाजा है।”
जैसे ही यह पोस्ट सामने आई, फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने कपल को जमकर बधाइयां दीं।
ट्रोलिंग को लेकर भी चर्चा में रहीं रितिका
हाल ही में रितिका डोभाल सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग को लेकर भी सुर्खियों में आई थीं। उन्होंने एक भावुक पोस्ट के जरिए अपनी बात रखी थी।
उन्होंने लिखा था कि, “सबसे ज्यादा तकलीफ तब होती है जब असलियत और दिखाए जा रहे सच में फर्क होता है। सिर्फ इसलिए कि मैं सोशल मीडिया पर ज्यादा एक्टिव नहीं हूं, इसका मतलब यह नहीं कि मेरी कहानी मायने नहीं रखती।”
रितिका ने आगे कहा कि उन्होंने हमेशा एक पत्नी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाया है और अब वह अपने आने वाले बच्चे की जिम्मेदारी को लेकर और भी सजग हैं।
‘मैं शांति चुन रही हूं’ – रितिका
अपने बयान में उन्होंने यह भी साफ किया कि वह किसी भी तरह की नकारात्मकता से दूर रहना चाहती हैं।
“मैं अपने और अपने परिवार के लिए शांति चुन रही हूं। मेरी जिंदगी में बहुत कुछ खूबसूरत है, खासकर मेरा बच्चा, और मैं नहीं चाहती कि किसी भी तरह की नकारात्मकता इस पवित्र एहसास को प्रभावित करे।”
फैंस ने दी ढेरों शुभकामनाएं
कपल के माता-पिता बनने की खबर से फैंस बेहद खुश हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार शुभकामनाएं दे रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे उनके जीवन का “सबसे खूबसूरत पल” बताया।



