नई दिल्ली: मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े एक बड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उद्योगपति अनिल अंबानी को दिल्ली स्थित अपने मुख्यालय में पेश होने के लिए तलब किया है। जानकारी के मुताबिक, अनिल अंबानी आज सुबह ED कार्यालय पहुंचे, जहां उनसे रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में पूछताछ की जा रही है।
जांच के दौरान ED ने मुंबई के पाली हिल इलाके में स्थित अनिल अंबानी की रिहायशी संपत्ति ‘Abode’ को अटैच कर लिया है। इस प्रॉपर्टी की अनुमानित कीमत करीब 3,716.83 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम, 2002 (PMLA) के तहत की गई है।
ED की स्पेशल टास्क फोर्स (हेडक्वार्टर) द्वारा की गई इस कार्रवाई में बताया गया है कि यह संपत्ति रिलायंस कम्युनिकेशंस लिमिटेड से जुड़े कथित बैंक फ्रॉड केस की जांच के दायरे में आती है। इससे पहले इसी संपत्ति के एक हिस्से को लगभग 473.17 करोड़ रुपये तक अटैच किया जा चुका था।
प्रवर्तन निदेशालय फिलहाल इस मामले में वित्तीय लेनदेन और संभावित मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से विस्तृत जांच कर रहा है। एजेंसी का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

