नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण के चलते दो दिन अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा, हालांकि अब उनकी तबीयत में सुधार है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। बावजूद इसके, नामीबिया के खिलाफ गुरुवार को होने वाले टी20 विश्व कप मुकाबले में उनके खेलने को लेकर स्थिति अब भी साफ नहीं है।
मैच से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम इंडिया के बल्लेबाज तिलक वर्मा ने बताया कि अभिषेक की फिटनेस पर अंतिम निर्णय अभी नहीं लिया गया है तिलक ने कहा, “अभिषेक को आज अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। कल के मैच में वह खेलेंगे या नहीं, इस पर फैसला बाद में लिया जाएगा।”
अभिषेक शर्मा अमेरिका के खिलाफ खेले गए पिछले मैच में पहली ही गेंद पर आउट हो गए थे। इसके बाद वह पूरे मैच में मैदान पर नजर नहीं आए और उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी। बताया जा रहा है कि मैच के दौरान ही अभिषेक की तबीयत बिगड़ने लगी थी, जो दिल्ली पहुंचने के बाद और खराब हो गई।
टीम मैनेजमेंट की नजर फिलहाल नामीबिया मैच से ज्यादा 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले पर है, जो कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। वहां की पिच परिस्थितियां अलग मानी जा रही हैं और पाकिस्तान टीम अब तक अपने दोनों मुकाबले जीत चुकी है।
चिकित्सकीय रूप से पेट का संक्रमण खिलाड़ी की स्टैमिना और सहनशक्ति को प्रभावित करता है। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि अभिषेक शुक्रवार को यात्रा करने, शनिवार को अभ्यास सत्र में हिस्सा लेने और रविवार को मैच खेलने के लिए खुद को तैयार पाते हैं या नहीं।
इस बीच संजू सैमसन ने मंगलवार को नेट्स में बल्लेबाजी अभ्यास किया और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक के साथ लंबा समय बिताया। इससे संकेत मिलता है कि टीम प्रबंधन किसी भी स्थिति के लिए अपने विकल्प तैयार रख रहा है। हालांकि, भारतीय टीम को उम्मीद है कि 25 वर्षीय अभिषेक शर्मा 15 फरवरी तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे। गौरतलब है कि अभिषेक हाल ही में मुख्य कोच गौतम गंभीर के आवास पर आयोजित रात्रिभोज में शामिल हुए थे, लेकिन वह बाकी खिलाड़ियों की तुलना में वहां से जल्दी लौट गए थे।



